बांदा/आगरा।
अयोध्या की यश पेपर मिल में कैमिकल इंजीनियर आशीष शिवहरे की बेरहमी से हत्या औऱ पुलिस-प्रशासन के ढुलमुल रवैये को लेकर कलचुरी समाज में भारी आक्रोश है। हद तो यह है कि घटना के एक हफ्ते बाद भी किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। ऐसे में पूरे प्रकरण की निष्पक्ष सीबीआई जांच कराने और आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग को लेकर सोमवार को बांदा का शिवहरे समाज सड़कों पर उतर पड़ा।
इस बीच आगरा-फिरोजाबाद के विधायक (एमएलसी) विजय शिवहरे ने अयोध्या के एसएसपी डा. गौरव ग्रोवर से फोन पर मामले की विस्तृत जानकारी ली है। शिवहरेवाणी से बातचीत में उन्होंने कहा कि एसएसपी ने उन्हें मामले की निष्पक्ष एवं त्वरित जांच का आश्वासन देते हुए कहा है कि दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा। बता दें कि कैमिकल इंजीनियर आशीष शिवहरे बांदा जनपद के जिला मुख्यालय से 50 किलोमीटर दूर बिसंडा के निकट ओरन गांव का रहना वाला है। बीते शुक्रवार को परिवार के लोगों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात कर बेटे के लिए न्याय मांगा था।
इधर बांदा में सोमवार को ‘शिवहरे सर्ववर्गीय समाज, बांदा’ के बैनर तले सैकड़ों स्वजातीय बंधु ऐतिहासिक ‘अशोक की लाट’ पर एकत्र हुए औऱ वहां से हाथों में तख्तियां लेकर नारे लगाते हुए जुलूस की शक्ल में जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर डीएम अमित आसेरी को ज्ञापन सौंपा। महामहिम राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन में मामले की निष्पक्ष सीबीआई जांच कराने, आरोपियों की गिरफ्तारी, पीड़ित परिवार को 5 करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता और परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की मांग की गई है। इस दौरान मृतक आशीष शिवहरे के पिता आनंद शिवहरे, दोनों छोटे भाई और परिवार के अन्य लोग भी मौजूद थे।
समाज के संरक्षक एवं पूर्व विधायक राजकुमार शिवहरे ने प्रदेशभर के कलचुरी समाज से अपील की है कि वे आशीष शिवहरे की मौत के मामले को लेकर अपने-अपने जनपदों में एकजुट होकर प्रदर्शन करें और जिलाधिकारी को ज्ञापन दें। प्रदर्शन में शिवहरे सर्ववर्गीय समाज बांदा के अध्यक्ष मुकेश शिवहरे, महामंत्री नन्दकिशोर शिवहरे, संरक्षक राजकुमार शिवहरे (पूर्व विधायक) शिवविशाल शिवहरे (पूर्व अध्यक्ष), संजय गुप्ता (पूर्व चेयरमैन), बाबूलाल शिवहरे (अध्यक्ष, मेडिकल एसोसिएशन), पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष पीयूष गुप्ता, बालकृष्ण शिवहरे (पूर्व अध्यक्ष लेखपाल संघ), रामप्रकाश शिवहरे (अधिवक्ता संघ), महामंत्री नन्द किशोर शिवहरे (पत्रकार), कोषाध्यक्ष अखिलेश शिवहरे, उपाध्यक्ष राजाराम शिवहरे, ऑडीटर हरिओम शिवहरे, रामकिशोर शिवहरे, पप्पू शिवहरे, विनय कुमार शिवहरे समेत सैकड़ों समाजबंधु शामिल थे।
समाचार
आशीष शिवहरे की मौत को लेकर सड़कों पर उतरा बांदा का शिवहरे समाज; विधायक विजय शिवहरे ने एसएसपी अयोध्या से बात की
- by admin
- October 5, 2026
- 0 Comments
- Less than a minute
- 8 hours ago













